अंबेडकरनगर के मालीपुर में इस घायल युवती नेहा को पुलिस ने लौटाया वापस-संवाद
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। दबंगों की पिटाई से गंभीर रूप से जख्मी हो जाने के बावजूद मालीपुर पुलिस को इसकी परवाह नहीं है। अनुसूचित जाति की एक युवती समेत उसके परिजनों के घायल हो जाने के बावजूद पुलिस केस दर्ज करने को तैयार नहीं है। पीड़ितों ने एसपी के समक्ष पहुंचकर शिकायत की तो अब फटकार के बाद पीड़ित को केस दर्ज करने के लिए गुरुवार को थाने बुलाया गया है। प्रकरण मालीपुर थाना क्षेत्र के चितौना कला गांव का है।
गांव निवासी धीरज कुमार ने एसपी से मिलकर बताया कि 12 मई को गांव में विपक्षियों ने एकजुट होकर उनके घर हमला बोल दिया। परिवार के सदस्यों की रंजिश को लेकर पिटाई की, जिसमें उसकी बहन नेहा का सिर फट गया, जबकि उसे भी गंभीर चोट आयी। पुलिस ने इस मामले में विपक्षियों की तरफ से तो केस दर्ज कर लिया, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उनका केस दर्ज नहीं हुआ। खून से लथपथ होकर थाने पहुंचने पर पुलिस ने उन दोनों का मेडिकल तो कराया, लेकिन केस दर्ज करने पर ध्यान नहीं दिया।
एसपी से मिलकर धीरज ने आरोप लगाया कि विपक्षियों के प्रभाव में आकर मालीपुर थाना प्रभारी यह मनमानी की गयी है। शिकायत में कहा गया कि एक तरफ सरकार मिशन शक्ति अभियान को बढ़ावा दे रही है तो दूसरी तरफ महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न में भी कार्रवाई को लेकर मनमानी की जा रही है। पीड़ित की शिकायत को एसपी आलोक प्रियदर्शी ने अत्यंत गंभीरता से लिया। मालीपुर एसओ को एसपी ने फटकार लगायी और तत्काल केस दर्ज करने का निर्देश दिया। कहा कि इस तरह की मनमानी दोबारा हुई तो लाइन हाजिर कर दिया जायेगा। एसपी की नाराजगी के बाद मालीपुर थाने से बुधवार शाम को धीरज के पास फोन गया। उससे कहा गया कि आप गुरुवार को थाने आ जाइये। आपका भी केस दर्ज हो जायेगा।