अंबेडकरनगर। तहसील क्षेत्र अकबरपुर सबना तिवारीपुर गांव में जिले का पहला देव वन स्थापित होगा। साखवीर बाबा स्थल पर स्थापित होने वाले देव वन में लगभग पांच हेक्टेअर क्षेत्रफल में आठ हजार पौधे लगाए जाएंगे। इसे लेकर वन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बीते दिनों शासन ने वन विभाग को निर्देशित किया था कि जिले में ऐसे पेड़ों का चिह्नांकन किया जाए जिनकी उम्र 100 वर्ष से अधिक हो। ऐसे विरासत पेड़ के इर्द-गिर्द भूमि का चिह्नांकन कर वहां देववन स्थापित किया जाए। वन विभाग कार्यालय के अनुसार जिले में ऐसे 12 पेड़ों को चिह्नित किया गया है जिनकी उम्र 100 वर्ष से ऊपर है।
इसी क्रम में जिले का पहला देव वन तहसील क्षेत्र अकबरपुर के सबना तिवारीपुर में स्थापित किए जाने का निर्णय हुआ है। यहां स्थित पीपल का पेड़ 100 वर्ष से अधिक समय से मौजूद है। ऐसे में इसके इर्दगिर्द पांच हेक्टेअर की भूमि का चिह्नांकन कर लिया गया है। यहां साखवीर बाबा के नाम से देव वन की स्थापना की जाएगी।
कार्यालय के अनुसार संबंधित देव वन में आठ हजार पौधे लगाए जाएंगे। आम, शीशम, बरगद, पीपल, नीम, अमरूद, आंवला, चिलबिल समेत कई अन्य पेड़ों के पौधे नर्सरी में तैयार किए जा रहे हैं। उधर डीएफओ डॉ. उमेश तिवारी ने बताया कि देव वन की स्थापना को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बरसात शुरू होने पर पौधरोपण किया जाएगा। इसके साथ ही देव वन का सुंदरीकरण भी किया जाएगा।