एसपी कार्यालय में बनेगा कंट्रोलरूम, जिले को सेफ सिटी के रूप में तैयार करने की कवायद
बड़े शहरों की तर्ज पर होगा काम, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
अंबेडकरनगर। कई बड़े अपराधों को लेकर चर्चा में रहे अंबेडकरनगर जनपद को पुलिस प्रशासन ने अब सेफ सिटी के तौर पर विकसित करने का निर्णय लिया है। कुल 10 हजार कैमरों से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। पुलिस कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है जो सभी कैमरों से इनपुट लेता रहेगा।
कई तरह के अपराधों के चलते सुर्खियों में रहे अंबेडकरनगर जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरे का बड़े पैमाने पर उपयोग करने का निर्णय लिया है। शहरी क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से कैमरे लगवाने की प्रक्रिया शुरू हुई है। अब तैयारी यह है कि कुल 10 हजार कैमरे अलग-अलग क्षेत्रों में लगाए जाएंगे। इसमें पुलिस प्रशासन अपने खर्च पर कैमरे लगवाने के साथ ही आम लोगों का भी सहयोग लेगा।
तैयारी यह है कि अगले दो दिन के भीतर अकबरपुर नगर के सभी प्रमुख स्थानों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से शुरू हो जाएगी। इसी तरह की तैयारी अन्य नगरीय क्षेत्रों व बाजारों में भी है। पुलिस प्रशासन के अनुसार पूरे जिले को सेफ सिटी के तौर पर विकसित करने की कार्य योजना तैयार की गई है। एसपी कार्यालय में बन रहे नए कंट्रोल रूम से इन कैमरों पर अधिकतम निगरानी रखी जाएगी।
शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्र के ज्यादातर स्कूल व कॉलेज कैमरे की जद में आएं यह कार्य योजना बनाई गई है। सभी प्रमुख मार्गों की निगरानी कई कैमरों से करने की तैयारी है। शहरी क्षेत्रों में नगर पंचायत व नगर परिषद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत के वाईफाई से कैमरों को जोड़ने की कार्य योजना पुलिस प्रशासन ने बनाया है। संवाद
मॉडल गांव बना बड्डोपुर
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र का बड्डोपुर गांव इस प्रोजेक्ट का मॉडल गांव बन गया है। यहां 10 सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। इनकी निगरानी जिला मुख्यालय से बैठे हुए की जा रही है। इसी तरह की तैयारी अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी है। आवश्यकता व सुविधा के अनुसार संबंधित क्षेत्रों मे भी कैमरे लगेंगे।
अपराध नियंत्रण में मिलेगी सहायता
जिले को सुरक्षा मानकों के तहत सेफ सिटी विकसित करने की तैयारी है। इसे लेकर तेजी से कार्य कराया जा रहा है। अपराध नियंत्रण में सहायता मिलने के साथ ही महिलाओं, युवतियों तथा व्यापारियों आदि को और ज्यादा सुरक्षा का एहसास इससे हो सकेगा।
-अजीत सिन्हा, एसपी