अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के सिझौली में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान बृहस्पतिवार देर रात हंगामा खड़ा हो गया। पांव पूजा कार्यक्रम के दौरान पता चला कि दूल्हे के दोनों पैर में अंगुली ही नहीं हैं। इस पर युवती ने शादी करने से ही इन्कार कर दिया। हंगामा बढ़ा तो कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद दोनों पक्ष को कोतवाली लेकर चली गई।
बृहस्पतिवार देर शाम थाना क्षेत्र इब्राहिमपुर के डड़वा मुजाहिदपुर गांव निवासी मनीराम के पुत्र मनोज की बरात कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के सिझौली निवासी गौतम राजभर के घर आई थी। गौतम की पुत्री मंगेश के साथ मनोज का विवाह होना था।
जलपान के बाद द्वार पूजा व जयमाल समेत कई अन्य प्रकार के वैवाहिक आयोजन सकुशल व बेहतर ढंग से निपट गए। देर रात लगभग डेढ़ बजे दूल्हे के पांव पूजन कार्यक्रम शुरू हुआ। कुछ महिलाओं ने पांव पूजा के दौरान देखा कि दूल्हे के दोनों पैर में न तो अंगूठा है और न ही अंगुलियां।
इस बात की जानकारी दूल्हन बनी मंगेश तक पहुंची। वह भड़क गई और उसने शादी करने से इन्कार कर दिया। घरवालों ने समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन कोई फायदा नहीं निकला। इससे मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। हंगामा बढ़ते देख बराती वहां से जाने की तैयारी करने लगे। हालांकि ग्रामीणों ने सभी वाहनों को रोक लिया।
इस बीच हंगामे की जानकारी होते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। वर व कन्या पक्ष के लोगों को कोतवाली ले जाया गया। अन्य वैवाहिक रस्म पूरी नहीं हो पाई। युवती ने विवाह न करने की बात कह दी। इसके बाद शुक्रवार को शाम तक दोनों पक्षों के बीच हुए लेनदेन को लेकर समझौते का दौर चलता रहा।