अंबेडकरनगर। महरुआ के छोटकी सेमरी निवासी अंशु (15) सोमवार शाम गांव से एक किलोमीटर दूर करेला तालाब में नहाने के दौरान डूब गया। हादसे के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रामचंदर के मुताबिक उनके चार बेटे और छह बेटियां हैं। सभी बेटियों का विवाह हो चुका है। बड़ा बेटा रोहित मुंबई में रहता है। तीन बेटे सोहित (25), मोहित (17) और अंशु गांव में रहते हैं। अंशु कक्षा सात का छात्र था। सोमवार को स्कूल से आने के बाद अंशु गांव के दो किशोरों के साथ गांव से एक किलोमीटर दूर शाम 4.30 बजे बकरी चराने गया था। उमस भरी गर्मी से निजात पाने के लिए वहां स्थित तालाब में अपने दो दोस्तों के साथ नहाने उतरा गया। अचानक अंशु गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन विफल रहे। आनन-फानन गांव जाकर साथियों ने अंशु के परिजनों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों के साथ पहुंचे परिजनों ने तालाब में उसकी खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे बाद 5.30 बजे अंशु का शव तालाब से बाहर निकाला गया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मृतक की मां गीता देवी बेसुध हो गईं। थाना प्रभारी यादवेंद्र सोनकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं है।