अंबेडकरनगर। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची को अद्यतन करने की कवायद शुरू हो चुकी है। इस बीच राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया है। अब बीएलओ का चयन 13 की जगह 18 अगस्त तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 19 अगस्त से डोर टू डोर सर्वे शुरू होगा।
बता दें कि पंचायत चुनाव के लिए करीब 2500 बीएलओ व पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जानी है। नवघोषित कार्यक्रम के अनुसार 18 अगस्त तक बीएलओ व पर्यवेक्षकों की नियुक्ति, उन्हें प्रशिक्षण देने, स्टेशनरी वितरण और प्राथमिक विलोपन के लिए निर्धारित किया गया है। यह चरण उन ग्राम पंचायतों पर केंद्रित होगा, जिनके भू-भाग किसी अन्य पंचायत या नगरीय निकाय में सम्मिलित हुए हैं। 19 अगस्त से 29 सितंबर तक बीएलओ डोर टू डोर मतदाताओं का सर्वे कार्य करेंगे। 01 जनवरी 2025 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा भी मतदाता बन सकेंगे। इस अवधि में ऑनलाइन आवेदन और डोर टू डोर उनका सत्यापन भी कराया जाएगा। पांच दिसंबर को अनंतिम सूची का प्रकाशन होगा। इसके बाद 6 से 12 दिसंबर तक आपत्तियां लेकर 13 से 19 दिसंबर के बीच निस्तारण होगा। 24 दिसंबर से 8 जनवरी तक पूरक सूची तैयार कर कंप्यूटराइजेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुनः केंद्र निर्धारण, मैपिंग व पुनरीक्षण के बाद 15 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश द्विवेदी ने बताया कि पूरे कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक अवकाशों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे।