अंबेडकरनगर। नौकरी न मिलने से क्षुब्ध होकर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मीरानपुर निवासी युवक ने रविवार सुबह ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। वह कुछ समय से इसे लेकर तनाव में चल रहा था। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत मीरानपुर मोहल्ला निवासी हामिद (28) रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर पहुंचा। इसी बीच उधर से सियालदाह एक्सप्रेस गुजर रही थी। उसने ट्रेन के आगे छलांग दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
रोते-पीटते परिवारीजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजनों के अनुसार हामिद कुछ समय से काफी तनाव में था। उसने नौकरी के लिए कई विभागों में आवेदन भी किया था।
मौजूदा समय में वह अकबरपुर नगर स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक के तौर पर कार्यरत था। साथ ही टेंट की तैयारी भी कर रहा था। नौकरी न मिलने से वह काफी क्षुब्ध था। इसी तनाव में उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।