राजेसुल्तानपुर। थाना क्षेत्र के चोरमरा गांव में बीते दिनों बैंक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने के मामले में नामजद आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उस पर बीस हजार का ईनाम था। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचे के साथ कारतूस भी बरामद किया है।
गौरतलब है कि राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के चोरमरा गांव निवासी पूर्व डीआईजी जेपी सिंह के भतीजे बैंक कर्मचारी रवींद्र प्रताप सिंह को 10 सितंबर को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी।
इसके बाद आरोपी ने पदुमपुर कस्बे में निजी क्लीनिक चलाने वाले चिकित्सक लक्ष्मीकांत यादव को भी गोली मारकर घायल कर दिया था। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल रवींद्र को परिजनों ने आननफानन में आजमगढ़ जनपद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दो लोगों को गोली मारे जाने की घटना से पूरा क्षेत्र सहम गया। बैंक कर्मी के पुत्र पवन सिंह ने आजमगढ़ जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र निवासी लक्ष्मण यादव तथा इसी जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुनील यादव के अलावा जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर छितौना निवासी सागर तिवारी तथा आलापुर थाना क्षेत्र के नीबा हुसैनपुर गांव निवासी नीरज तिवारी के विरुद्ध तहरीर देकर केस दर्ज कराया था।
एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के साथ स्वाट टीम को भी लगा दिया था। इस बीच रविवार को थाने की पुलिस के साथ स्वाट टीम प्रभारी देवेंद्र पाल सिंह ने राजेसुल्तानपुर पुलिस के साथ देवरिया बाजार के गिरैया बाजार मार्ग स्थित शहाबुद्दीन गांव के पुल के निकट से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से तमंचा व जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। थाना प्रभारी रामलखन पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया।