जलालपुर। जैतपुर थाना क्षेत्र के सिंघोरा मखदूमपुर गांव में जहरीली शराब पीने से ग्रामीणों की मौत के बाद मंगलवार को डीएम व एसपी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिवारीजनों से मुलाकात करने के साथ ही गांव में भ्रमण कर ग्रामीणों से भी आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने काफी देर तक गांव के अलग-अलग हिस्सों में जाकर आवश्यक जानकारी जुटाई। ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्घ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के सिंघोरा मखदूमपुर गांव में जहरीली शराब पीने से ग्रामीणों की मौत की खबर से हड़कंप मचा हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को डीएम सैमुअल पॉल एन व पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने वादी विरेंद्र कुमार चौहान से पूछताछ की, जिसमें पता चला कि तीन दिन पहले गांव निवासी एक व्यक्ति के घर शादी समारोह था।
जांच में यह भी पता चला कि एक व्यक्ति द्वारा पवई थाना क्षेत्र जनपद आजमगढ़ से देसी शराब खरीद कर लाई गई थी। करीब एक दर्जन लोगों ने शराब पी थी। इससे उनकी तबीयत खराब हो गई थी। प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद स्थिति गंभीर होती चली गई और मौत का सिलसिला शुरू हो गया। डीएम व एसपी ने गांव के अन्य लोगों से भी पूछताछ की। ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले की पूरी निष्पक्षता से जांच कराई जाएगी। जिस भी स्तर पर गड़बड़ी हुई होगी, उसके विरुद्घ कड़ी कार्रवाई होगी।
डीएम ने कहा कि पीड़ित परिवार को समुचित मदद दी जाएगी। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। जैतपुर पुलिस टीम के अलावा अन्य टीम को मामले में विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के साथ ही दोषी लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापा मारा जाएगा। घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।