बसखारी। कोरोना काल में दवा दुकानों पर कोविड प्रोटोकाल का अनुपालन परखने को मंगलवार को खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की ड्रग इकाई ने दवा दुकानों की औचक जांच की। इससे दवा दुकानों पर हड़कंप दिखा। जांच टीम ने कई दुकानों पर कोविड मानकों का अनुपालन न पाए जाने पर जुर्माना वसूली की कार्रवाई भी की। इस दौरान दो दवा दुकानें ऐसी भी मिली जिनके ड्रग लाइसेंस की वैधता समाप्त हो चुकी थी। दोनों संचालकों को नोटिस जारी कर लाइसेंस तत्काल सही कराने का निर्देश दिया गया।
जिला अभिहित अधिकारी राजवंश श्रीवास्तव व बसखारी एसओ श्रीनिवास पांडेय की संयुक्त टीम ने बसखारी कस्बे में संचालित विभिन्न मेडिकल स्टोरों की औचक जांच पड़ताल की। इस दौरान कई दवा दुकानों पर न तो कोरोना के इलाज से जुड़ी दवाएं बिकती मिली और न ही दुकान पर कोरोना प्रोटोकाल का पालन होता मिला। इन दुकानदारों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की गयी। अभिहित अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को बसखारी स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोरों की जांच के दौरान न्यू मोती मेडिकल स्टोर तथा भगवानदास सीताराम आयुर्वेदिक स्टोर पर पहुंचकर जरूरी प्रपत्रों की जांच की।
दोनों दुकानों का लाइसेंस समाप्त पाया गया। इस पर दोनों मेडिकल स्टोर संचालकों को तत्काल लाइसेंस का नवीनीकरण कराने को निर्देशित किया गया। इसके अलावा शमा मेडिकल स्टोर, श्याम मेडिकल स्टोर समेत कई अन्य मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। इसमें से कई मेडिकल स्टोरों पर कोरोना से जुड़ी दवाइयां उपलब्ध नहीं मिली तो कई पर कोरोना प्रोटोकाल का पालन होता नहीं पाया गया। सभी दवा दुकानदारों को चेतावनी दी गयी कि यदि निर्धारित दाम से ज्यादा पैसा दवाईयों के नाम पर लिया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।