अंबेडकरनगर। विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दोस्तपुर निवासी अखिलेश (35) बुधवार सुबह बाइक से अकबरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह रामपुर सकरवारी बाजार के निकट पहुंचा तो उसी बीच तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
वहीं, अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर निवासी संतराम (62) मंगलवार देर शाम साइकिल से शहजादपुर से घर जाने के दौरान तमसा मार्ग मोड़ पर किसी बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उधर, बेवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत बेवाना निवासी गायत्री देवी (55) बुधवार सुबह घर के निकट सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई।
उधर, कोतवाली क्षेत्र टांडा अंतर्गत छज्जापुर निवासी इमरान (36) मंगलवार देर शाम बाइक से घर जाने के दौरान सद्दरपुर बाजार के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। बसखारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मसड़ा निवासी धनीराम (62) बुधवार सुबह घर के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।