विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। जाड़े में हड्डियों और मांसपेशियों की समस्याएं बढ़ जाती हैं। इसमें गर्दन दर्द, कमर दर्द, घुटने का दर्द, कंधों का दर्द आदि शामिल है। ऐसे में इन समस्याओं से निजात पाने के लिए प्रतिदिन व्यायाम के साथ साथ मार्निंग वॉक जरूर करना चाहिए। कम से कम 25 मिनट तक धूप में अवश्य बैठें।
सीनियर फिजियोथेरिपिस्ट डॉ. अनुराग गुप्त ने बताया कि ठंड के मौसम में सबसे ज्यादा जोड़ों के दर्द का मामला आता है। कमर दर्द, घुटने का दर्द, कंधों के दर्द से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कहा कि कुछ बातों का ध्यान रखकर इन समस्याओं से निजात पाई जा सकती है। प्रतिदिन व्यायाम करने के साथ कम से कम 25 मिनट पैदल चलना चाहिए। इसके साथ सुबह 25 मिनट धूप में अवश्य बैठें। इससे काफी हद तक राहत मिलेगी। कहा कि खानपान संतुलित रखें। दिन में कम से कम तीन लीटर पानी जरूर पीएं। बुजुर्ग, बच्चे एवं महिलाएं दूध का सेवन जरूर करें।
यदि बैठने से गर्दन दर्द व पीठ दर्द होता है तो हर घंटे में प्रत्येक 10 मिनट का ब्रेक लें। कुछ दूर वॉक करें। यदि जोड़ों में दर्द लगातार हो तो किसी जानकार फिजियोथेरिपिस्ट से सलाह अवश्य लें। कहा कि स्वास्थ्य को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। कई बार लोग किसी बीमारी के होने पर उसे इग्नोर करते रहते हैं, जो आगे चलकर मुश्किल उत्पन्न कर देता है। इसलिए स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहें।