अंबेडकरनगर के रमाबाई पीजी कॉलेज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित करतीं प्र?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय स्थित रमाबाई राजकीय महिला पीजी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन समारोहपूर्वक हो गया। अंतिम दिन हुईं प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में श्वेता व बाल थ्रो में ज्योति ने बाजी मारी। बाद में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
जिला मुख्यालय स्थित रमाबाई राजकीय महिला पीजी कॉलेज में बीते दिन दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ था। इस बीच रविवार को खेल प्रतियोगिता का समापन हुआ। समापन समारोह का शुभारंभ करते हुए प्रो. शेफाली सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में सभी को बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। इससे मानसिक के साथ-साथ शारीरिक विकास होता है। हार-जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। ऐसे में हार-जीत की परवाह किए बगैर प्रतियोगिता में भागीदारी करनी चाहिए। प्रतियोगिता संयोजक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि रविवार को हुई प्रतियोगिता में 100 मीटर की दौड़ में श्वेता ने बाजी मारी, तो 200, 400 व 800 मीटर की दौड़ में अंकिता ने जीत दर्ज की। बाल थ्रो में ज्योति ने सभी को पीछे किया।
कबड्डी प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की टीम ने जीत दर्ज की। ऊंची कूद में अंकिता ने सभी को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। इससे पहले छात्राओं ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बाद में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर डॉ. अरविंद, डॉ. विश्वनाथ द्विवेदी, डॉ. अखिलेंद्र, डॉ. शाहिद, डॉ. सीमा, डॉ. पूनम, डॉ. नंदन, डॉ. रवींद्र, डॉ. अरुणकांत आदि मौजूद रहे।