अंबेडकरनगर। सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने सोमवार को सीएचसी कटेहरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में गंदगी देख सीएमओ ने प्रभारी अधीक्षक को फटकार लगाई। गंदगी, अव्यवस्थ मिलने पर जिम्मेदारों को फटकार लगाई। बगैर सूचना के चार दिन से अनुपस्थित पाई गई डॉ. अंकिता के लापरवाह रवैये पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने अधीक्षक को उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य सुविधाओं व इलाज की व्यवस्था को परखने के लिए सोमवार को नवागत सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने कटेहरी सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में प्रवेश करते ही चारों तरफ गंदगी नजर आई। इस पर सीएमओ ने प्रभारी अधीक्षक को फटकार लगाते हुए अविलंब सफाई कराने का निर्देश दिया। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी भी दी। आने जाने वालों थर्मल स्क्रीनिंग कर रहे वार्ड ब्वाय की सीएमओ ने सराहना की।
वहीं निरीक्षण के दौरान वाटर कूलर को ठीक कराने के साथ उपयोग में लाने का निर्देश दिया। सीएमओ ने कहा कि इमरजेंसी ट्राली पर जरूरी दवाईयों को रखा जाए। साथ ही सिटीजन चार्टर पर सभी उपलब्ध दवाओं का विवरण दर्ज करने का निर्देश दिया। अधीक्षक से 24 घंटे ऑक्सीजन सिलेंडर को तैयार अवस्था में रखने को कहा। अस्पताल में अधिक से अधिक प्रसव के लिए चिकित्सक, आशा व एएनएम की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने को कहा। निष्प्रयोज्य सामानों की नियमानुसार नीलामी कराकर परिसर को स्वच्छ रखने का निर्देश दिया।
सीएमओ ने वैक्सीनेशन रजिस्टर का भी जायजा लिया। रजिस्टर में दर्ज आंकड़ों के अनुसार सोमवार को 69 को कोवीशील्ड और 110 को को-वैक्सीन लगाया गया। निरीक्षण में डॉ अंकिता बगैर सूचना के चार दिन से अनुपस्थित पाई गईं। इस पर सीएमओ ने प्रभारी अधीक्षक को संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।