अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय के फैजाबाद रोड पर एटीएम से धन-निकासी के लिए लगी उपभोक्ताओं की लम्बी कतार।
- फोटो : अमर उजाला
दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार को बैंक खुले लेकिन ज्यादातर बैंकों में कैश की कमी रही। जिला मुख्यालय पर तो फिर भी बैंकों में धन-निकासी के लिए लंबी लाइन में लगे लोगों को कुछ राहत मिली लेकिन सबसे अधिक समस्या ग्रामीण क्षेत्र के बैंकों में रही। बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की 12 से अधिक शाखाओं में कैश की कमी होने से उपभोक्ताओं को पर्याप्त धनराशि नहीं मिल सकी।
उधर नोटबंदी के बाद से बेपटरी हुई एटीएम सेवा सोमवार को भी पटरी पर नहीं आ सकी। शनिवार व रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को उपभोक्ताओं को उम्मीद थी कि उन्हें आवश्यकतानुसार धनराशि बैंक से मिल जाएगी। हालांकि ज्यादातर उपभोक्ताओं को मायूसी ही हाथ लगी।
सोमवार को बैंक खुलने से काफी पहले ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता लंबी लाइन में लग गए। जिला मुख्यालय पर एसबीआई, एचडीएफसी व एक्सिस बैंक से ही उपभोक्ताओं को पर्याप्त धनराशि ही मिल सकी, जबकि बैंक ऑफ बड़ौदा, यूको बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया समेत कई बैंकों से धनराशि नहीं नहीं मिल सकी।