अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के जाफरगंज में इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार का शव दुकान के ऊपर बने कमरे में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने के लिए अकबरपुर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
मालीपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर भितरी गांव निवासी सचिन उर्फ अभिषेक (28) की अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के जाफरगंज में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। दुकान के ऊपर एक कमरा है, जिसमें दिन मेें वह आराम करता था। रात में वह दुकान बंद कर घर चला जाता था।
प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को वह दुकान पर पहुंचा था। शाम को उसने घर फोन कर बताया कि वह विलंब से घर आएगा। परिजनों के अनुसार जब देर रात तक वह घर नहीं लौटा, तो उसे फोन किया गया, लेकिन उठा नहीं। कुछ देर बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इस पर परिवार के सदस्य रात में ही दुकान पर गए, लेकिन दुकान बंद मिली। ऊपर का कमरा भी बाहर से बंद था। इस पर वे घर लौट गए।
शनिवार सुबह फिर परिवार के सदस्य दुकान पर पहुंचे। ऊपर कमरे में गए तो वह अंदर से बंद मिला। काफी देर तक खटखटाने पर भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा तोड़ दिया। अंदर सचिन का शव रस्सी से छत से लटक रहा था। उसके हाथ व पैर में मिट्टी लगी हुई थी। चाचा वीरेंद्र चौहान ने हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने के लिए तहरीर कोतवाली में दी। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।