अंबेडकरनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लंबी दूरी की सेवा से जुड़े भारी वाहनों को बेखौफ बदमाश अपना निशाना बना रहे हैं। अंबेडकरनगर से लखनऊ के बीच अमेठी जनपद के इन्हौना फूड प्लाजा के निकट बीते शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने फूड प्लाजा पर खड़े एक ट्रक को अपना निशाना बना कर इसमें से सौ लीटर डीजल निकाल लिया।
हथियारों से लैस बदमाशों ने चालक व क्लीनर को धमकाकर ट्रक की टंकी से डीजल निकाला और फरार हो गए। घटना की सूचना के बाद माल वाहन से आए बदमाशों का यूपीडा की गश्ती टीम ने कुछ दूर तक पीछा भी किया, लेकिन बदमाश उनकी पकड़ से कोसो दूर रहे।
अमेठी जनपद में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर इन्हौना स्थित फूड प्लाजा के निकट खड़ी ट्रकों को बदमाश अक्सर अपना निशाना बनाते हैं। बीते शुक्रवार को रात्रि विश्राम करने के लिए लखनऊ की तरफ से आए एक ट्रक को चालक ने फूड प्लाजा के निकट खड़ा कर दिया। खाना खाकर चालक व परिचालक ट्रक में ही सो गए।
आधी रात के बाद वहां माल वाहन से पहुंचे सशस्त्र बदमाशों ने ट्रक की टंकी से लगभग 100 लीटर डीजल निकाल कर माल वाहन पर रखे एक ड्रम में भर लिया। इस दौरान ट्रक चालक की आंख खुल गयी। विरोध जताने पर टंकी से डीजल निकाल रहे बदमाश ड्राइवर को असलहा निकाल कर धमकाते हुए मौके से चोरी के डीजल के साथ भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर यूपीडा के गश्ती दल की टीम ने माल वाहन की तलाश में कई किमी तक दौड़ लगायी लेकिन खाली हाथ रही।