अंबेडकरनगर के टांडा में आयोजित सवामनी हवनोत्सव में भाग लेते श्रद्धालु
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
टांडा (अंबेडकरनगर)। नगर के हकीम क्लब ग्राउंड में श्रीबालाजी भक्त मंडल टांडा के तत्वावधान में आयोजित श्रीबालाजी महाराज का सवामनी हवनोत्सव धार्मिक वातावरण में श्रद्धा के साथ मना। महोत्सव में श्रीबाला जी सरकार के भव्य दरबार का आलौकिक शृंगार कर दीप प्रज्वलित कर किया। उत्सव में आए गोंडा महाराज ने आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। गोंडा महाराज के दर्शन के लिए घंटों लोग कतारबद्ध होकर प्रतीक्षारत रहे।
मंगलवार सुबह श्रीबाला जी भक्त मंडल टांडा के संयोजन में श्रीबाला जी महाराज के सवामनी हवनोत्सव की शुरुआत अखंड ज्योति प्रज्ज्वलन व श्रीबाला जी सरकार को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित कर हुई। इसके उपरांत श्रीसुंदर कांड पाठ हुआ। पाठ के समापन पर यज्ञ व भजन शुरू हुआ, जो शाम तक निरंतर चलता रहा।
लखनऊ से आए गायक कलाकारों ने गणेश वंदना से भजन की शुरुआत की। गायक कलाकारों ने अपने भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्सव का समापन आरती और भंडारे के प्रसाद वितरण के साथ हुआ। महोत्सव की भव्यता में रमापति गुप्ता, कृष्ण गोपाल गुप्त, शरद श्रीवास्तव, पप्पू यादव, डब्बू जायसवाल, आनन्द तिवारी, इन्द्रदेव पाठक आदि ने योगदान दिया। (संवाद)