आलापुर (अंबेडकरनगर)। आलापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम संदहा मझिगवां में विधायक त्रिभुवन दत्त ने लगभग 47 लाख रुपये की लागत से निर्मित नई सीसी रोड का लोकार्पण किया। इस सड़क के बनने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। अब बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव से लोगों को मुक्ति मिलेगी और आवागमन सुलभ होगा।
विधायक ने कहा कि उनका लक्ष्य आलापुर को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना है। उन्होंने कहा कि कोई भी गांव पक्की सड़क की सुविधा से वंचित नहीं रहेगा। सड़कें केवल रास्ता नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के द्वार खोलती हैं। इस अवसर पर रविंद्र यादव, अजय गौतम, कृष्ण कुमार पाण्डेय, प्रेमसागर प्रजापति, यार मोहम्मद, राम जनम यादव, अब्दुल कलाम, भक्कल और सुशील वर्मा आदि मौजूद रहे।