अंबेडकरनगर। जिले में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला अस्पताल में जांच का कार्य तेज हो गया है। बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे 54 नागरिकों का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया गया। इसके साथ ही सभी को कोरोना संक्रमण से बचाव के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला अस्पताल में आने वाले नागरिकों की कोविड-19 की जांच का कार्य तेज हो गया है। बुधवार को जांच के लिए 54 लोग जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ शिशु विंग में पहुंचे। सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने बताया कि डॉ. डीपी वर्मा व डॉ. प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आने वाले नागरिकों का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया।
लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए जांच के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा गया। न सिर्फ सोशल डिस्टेंसिंग पर ध्यान दिया गया बल्कि आने वाले नागरिकों को सैनिटाइज भी किया गया। जिन्होंने मास्क नहीं लगा रखा था, उन्हें मास्क दिया गया।
इसके साथ ही सभी नागरिकों को कोरोना संक्रमण से बचाव के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि खानपान पर विशेष ध्यान दें। ऐसी खाद्य सामग्रियों का सेवन करें जिससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि हो। प्रतिदिन सुबह गुनगुना पानी जरूर लें।
काली मिर्च, नींबू का रस व अदरक को एक साथ उबालकर प्रतिदिन एक बार जरूर पीएं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से बचें और घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क का प्रयोग जरूर करें। सोशल डिस्टेंसिंग पर विशेष ध्यान दें। जागरूकता के आधार पर ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।