अंबेडकरनगर। बीते चौबीस घंटे में डायरिया से संक्रमित पांच नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल अयोध्या रेफर करना पड़ा।
लगातार बदल रहे मौसम के बीच पिछले चौबीस घंटे में डायरिया से पीड़ित पांच नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत कटेहरी निवासी जयशंकर (70) पुत्र मेवालाल मंगलवार देर शाम डायरिया की चपेट में आ गया। स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया लेकिन तबियत में सुधार नहीं हुआ। ऐसे में बुधवार सुबह उल्टी-दस्त के बीच उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया।
इसके अलावा अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अरिया निवासी विजय बहादुर (32) पुत्र गंगाराम को घरवालों ने बुधवार सुबह उल्टी-दस्त के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वह मंगलवार देर रात डायरिया की चपेट में आ गया था। इसी क्षेत्र अंतर्गत अन्नावां निवासी प्रदीप (32) पुत्र गोविंद मंगलवार देर शाम डायरिया की चपेट में आ गया। रात में ही उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
इसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत श्रवणक्षेत्र निवासिनी बबिता (27) पत्नी नन्हें मंगलवार देर रात डायरिया की चपेट में आ गई। बुधवार सुबह उल्टी-दस्त के बीच उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डांड़ी निवासी रामलखन (52) पुत्र दीपचंद्र को घरवालों ने बुधवार सुबह उल्टी-दस्त के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वह मंगलवार रात डायरिया की चपेट में आ गई थी।