अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय पर सिंधी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भजन कीर्तन करते श्रद्धालु।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। देश व दुनिया का हमेशा संतों ने ही मार्ग दर्शन किया है। देश की अस्मिता व सम्मान का प्रतीक भी साधु संत रहे हैं। ऐसे में उनके विचारों व आदर्शों को आत्मसात कर आगे बढ़ते रहने की जरूरत है। यह बातें सोमवार रात लखनऊ शिव शांति संत आसूदाराम आश्रम के शहजादा सांई मोहनलाल ने अकबरपुर नगर के शहजादपुर नगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कहे। इससे पहले सांई मोहनलाल के पहुंचने पर सिंधी समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया।
अकबरपुर नगर के पहितीपुर रोड स्थित मैरिजहॉल में सखी चालिहा साहिब के अवसर पर अखंड धुनी साहिब कार्यक्रम में सांई मोहनलाल का भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने समाज के लोगों को देश के साधू संतों से प्रेरणा लेने को कहा। कहा कि हमारे देश के साधू संत हमेशा देश की अस्मिता व सम्मान के प्रतीक रहे हैं और देश को हमेशा सद्मार्ग पर चलने का रास्ता दिखाया। लखनऊ के मनीष कुमार, नवीन, भगत हैप्पी ने संत आसूदाराम साहिब व प्रभु झूलेलाल के भजनों और गीतों को प्रस्तुत कर महिमा का वर्णन किया। प्रभु झूलेलाल, संत सतरामदास, कंवरराम व संत आसूदाराम साहिब के चित्र पर माल्यार्पण कर आरती हुई।
आश्रम के प्रवक्ता ओमप्रकाश ओमी व सिंधी समाज के मुखिया जयरामदास संगवानी की अगुवाई में समाज के लोगों ने सांई मोहनलाल को माला पहनाकर व मुकुट पहनाकर स्वागत किया। मुखिया जयरामदास संगवानी ने भी लोगों को सद्मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आश्रम के पूज्यनीय सांई बाबा का 75 वां जन्मोत्सव केक काटकर मनाया। समाज की महिलाओं ने बबीता संगवानी की अगुवाई में सांई मोहनलाल की आरती कर टीका लगाया और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सिंधी समाज के भागचंद, शंभू लखमानी, सुशील वरयानी, जीतू लखमानी, ध्रुव लखमानी, सागर संगवानी, रवि चंदानी, कैलाश राजपाल, दीपक मछानी, शंकर राजपाल समेत दर्जनों महिलाओं पुरुषों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।