अंबेडकरनगर। राज्य वित्त, 15वें वित्त व स्टांप शुल्क के तहत अकबरपुर नगरपालिका में पांच करोड़ 30 लाख रुपसे से लगभग दो दर्जन से अधिक विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के प्रस्ताव को मंजूरी के लिए जिला प्रशासन के पास भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रकिया शुरू कर दी जाएगी। मुख्य रूप से मार्गों व नालों का निर्माण कराया जाएगा, इससे लगभग 60 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
लोकसभा चुनाव के बाद हुई नगरपालिका बोर्ड की बैठक में स्टांप शुल्क ,राज्य वित्त व 15 वें वित्त आयोग के तहत लगभग सवा पांच करोड़ से दो दर्जन से अधिक कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई थी। इसमें नगरपालिका में प्रमुख समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कार्याें का चयन हुआ था। बारिश के चलते कुछ वार्डों में जलभराव व मार्ग आवागमन की परेशानी से लोग जूझ रहे थे। इन सभी समस्याओं को देखते हुए ही बोर्ड की कार्ययोजना बनाई गई थी।
होंगे ये कार्य
नगर पालिका कार्यालय के अनुसार 15वें वित्त आयोग से कुंड तिराहे से चौक तक सड़क का नवीनीकरण, लोहिया मूर्ति से कन्हैया ज्वैलर्स तक सड़क नवीनीकरण, राम जानकी मंदिर से शहजादपुर पंप तक सड़क का नवीनीकरण, अयोध्या रोड से सरकारी अस्पताल तक सीसी सड़क निर्माण, लोहिया मूर्ति से जगदंबा प्रसाद के मकान तक सड़क निर्माण, शहजादपुर सब्जी मंडी में जयराम संगवानी के मकान से गांधी चौक हनुमान मंदिर तक इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाएगा। राज्य वित्त के तहत नेहरूनगर मालीपुर रोड पर हरीशंकर के मकान तक, दोस्तपुर रोड पर कालीमंदिर से सुशीला सिंह के घर तक खड़ंजा व नाली निर्माण व मिर्जापुर में आदर्श काॅलोनी में मुख्य सड़क से रमेश चंद्र के मकान से हरिलाल के मकान तक नाला निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह कई अन्य कार्य भी शामिल किए गए हैं।
जल्द होगी टेंडर प्रक्रिया
बीते दिनों बोर्ड की बैठक के बाद प्रस्तावित कार्य योजना को अनुमोदन के लिए भेजा गया है। स्वीकृति के आधार पर टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। -
बीना सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अकबरपुर