सात स्थानों पर लगाए गए बैरियर, रोके जाएंगे सभी तरह के वाहन
सीसीटवी कैमरों व ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। अयोध्या की तरफ जाने वाले सभी मार्ग शनिवार से सील हो जाएंगे। सात स्थानों पर पहले से सक्रिय बैरियर पर सभी तरह के वाहन आगे नहीं बढ़ने पाएंगे। सीसीटीवी कैमरों के अलावा पुलिस ड्रोन कैमरे से भी पूरी गतिविधि पर निगाह रखेगी।
बृहस्पतिवार को पुलिस अधिकारियों ने बैरियर पर बरती जाने वाली सख्ती को लेकर गहन मंथन किया। भीटी, अहिरौली व इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के सात स्थानों पर 14 जनवरी से ही सक्रिय सात बैरियर पर अब 20 जनवरी की सुबह से अयोध्या की तरफ कोई भी निजी या व्यावसायिक वाहन नहीं जाने पाएगा। सिर्फ उन्हीं लोगों को आगे जाने की छूट होगी जिन्हें अयोध्या जिला प्रशासन द्वारा अधिकृत किया गया होगा।
अभी सिर्फ बड़े वाहनों को ही अयोध्या की तरफ जाने से रोका गया है। एएसपी विशाल पांडेय ने बताया कि शनिवार सुबह से सभी तरह के वाहन व आवागमन सभी सात बैरियर पर अयोध्या की तरफ रोक दिया जाएगा। जिले में भी सभी तरह की आवश्यक जांच की जाएगी। बृहस्पतिवार को भी एहतियातन वाहनों पर काली फिल्मों को लेकर अभियान चलाया गया। शहरों व गावों में बाहरी व्यक्तियों को चिह्नित करने का अभियान लगभग पूरा कर लिया गया है। अन्य कई तरह की भी सतर्कता बरती जा रही है।