अंबेडकरनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग को लेकर बड़ी राहत की खबर है। क्षतिग्रस्त लगभग ढाई किमी. मार्ग का 50 लाख रुपये की लागत से विशेष मरम्मत का काम शुरू हो गया है। इससे प्रतिदिन संबंधित मार्ग पर आवागमन करने वाली लगभग 30 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग का करीब ढाई किलोमीटर का हिस्सा बुरी तरह जर्जर हो गया था। इससे संबंधित मार्ग पर आवागमन करने वालों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। दरअसल यह मार्ग पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ता है। लखनऊ, दिल्ली व कानपुर जाने के लिए लोग इसी मार्ग से होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पहुंचते हैं।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लगने वाली आदर्श आचार संहिता के पहले ही संबंधित मार्ग के निर्माण को नवीनीकरण योजना के तहत मंजूरी मिल गई थी। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग कार्यालय के अनुसार संबंधित मार्ग के नवीनीकरण का कार्य लगभग 50 लाख रुपये में होना मंजूर हुआ था।
इस बीच मंगलवार से संबंधित मार्ग के नवीनीकरण का कार्य प्रारंभ हो गया। अधिशासी अभियंता सौरभ सिंह ने बताया कि संबंधित मार्ग का निर्माण प्रारंभ हो गया है। इसके निर्माण से लगभग 30 हजार की आबादी को बेहतर आवागमन में लाभ मिलेगा।