भीटी (अंबेडकरनगर)। संभव मिशन के तहत चिह्नित किए गए दो अति कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र पर भर्ती कराया गया। कहा गया कि बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
इन दिनों जिले में बच्चों का वजन व लंबाई मापने का कार्य लगातार चल रहा है। इसी क्रम में सोमवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी बलराम सिंह की मौजूदगी में दो अति कुपोषित बच्चों अलशिफा ग्रामसभा सिंगवन पुरुषोत्तम पट्टी अहिरौली और रियांशी ग्राम अटवाई अहिरौली को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया।
इन दोनों बच्चों की मिड आर्म भुजा की गोलाई 10 सेंटीमीटर और उम्र के सापेक्ष वजन काफी कम पाया गया। डॉ. रीना राजभर ने बच्चों का चिकित्सीय परीक्षण किया और उनको पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती योग्य पाया। डॉ. रीना ने बताया कि अलशिफा में कुपोषण की स्थिति अत्यंत गंभीर पाई गई है। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि कुपोषित मिल रहे बच्चों को पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया जा रहा है।