अंबेडकरनगर। जिले के एक लाख, 58 हजार, 323 अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी राशनकार्ड धारकों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। शासन के तमाम दिशा-निर्देश के बावजूद अब तक इन लोगों ने आधार की सीडिंग नहीं कराई है। 30 सितंबर तक सीडिंग न कराने पर सस्ती दर पर अनाज मिलना बंद कर दिया जाएगा। साथ ही यदि मुखिया ने सीडिंग नहीं कराई तो भविष्य में उनका राशन कार्ड निरस्त भी किया जा सकता है। ऐसे में कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना भी बंद हो सकता है।
कोटे की दुकानों से सस्ती दर पर दिए जाने वाले अनाज में धांधली पर अंकुश लगाने के लिए बीते दिनों शासन ने राशनकार्ड धारकों को आधार सीडिंग कराने का निर्देश दिया था। बताते चलें कि जिले में कुल 4 लाख 3 हजार 147 राशनकार्ड धारक हैं, इससे 18 लाख 49 हजार 391 पात्रों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसमें 65 हजार 965 अन्त्योदय कार्डधारक के 2 लाख 78 हजार 144, जबकि 3 लाख 33 हजार 182 पात्र गृहस्थी कार्डधारक के 15 लाख 71 हजार 787 पात्र शामिल हैं।
जिलापूर्ति विभाग के पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 16 लाख 91 हजार 91 पात्रों के आधार की सीडिंग का कार्य अब तक हो चुकी है। 1 लाख 58 हजार 840 पात्र ऐसे हैं, जिनके आधार कार्ड की सीडिंग नहीं हो सकी है।
बताया कि जिनकी सीडिंग नहीं हुई है, उनमें 53 हजार 517 मुखिया व 1 लाख 5 हजार 323 सदस्य पात्र शामिल हैं। शासन के निर्देशानुसार 30 सितंबर तक सीडिंग का कार्य पूर्ण कर लिया जाना है। ऐसे में यदि शेष बचे पात्रों के आधार कार्ड की सीडिंग नहीं हुइ, तो उन्हें अक्तूबर माह में सस्ते दर पर अनाज नहीं मिल सकेगा। विभाग के अनुसार यदि मुखिया ने निर्धारित समयावधि में सीडिंग नहीं कराया, तो भविष्य में उनका राशनकार्ड निरस्त हो सकता है। यदि ऐसा हुआ, तो संबंधित मुखिया शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से वंचित हो सकते हैं।
अकबरपुर विकास खंड की शकुंतला देवी व नंदू राजभर ने कहा कि उनके आधार कार्ड में नाम गलत है। इसे संशोधित कराना है। इसके लिए कई बार डाकखाने व बैंक का चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक संशोधन नहीं हो सका है। इसी के चलते आधार कार्ड की सीडिंग नहीं हो सकी है। जलालपुर विकास खंड के रामअवतार व भीटी विकास खंड के जगदीश कुमार ने कहा कि उनके परिवार के कुछ सदस्यों का आधार कार्ड अब तक नहीं बन सका है। इसके लिए लगातार संबंधित डाकखाने व बैंक का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन लंबी लाइन में लगने के बाद भी नहीं बन सका। इसी से सीडिंग नहीं हो सकी है।
सस्ती दर पर अनाज पा रहे जिन पात्रों के आधार कार्ड की सीडिंग नहीं हुई है, वे 30 सितंबर तक जरूर करा लें। ऐसा नहीं किया तो शासन के निर्देशानुसार उन्हें सस्ती दर पर अनाज मिलना मुश्किल हो सकता है।
- राकेश कुमार, जिलापूर्ति अधिकारी