महिलाओं को जागरूक करती मिशन शक्ति टीम।
अंबेडकरनगर। बेहतर भविष्य के लिए जागरुकता बेहद जरूरी है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बेटियों की बेहतरी के लिए उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाएं। कॅरियर चुनाव में उनकी मदद करें। यह बातें शुक्रवार को बसखारी थाने की मिशन शक्ति टीम ने जागरुकता अभियान के दौरान कहीं।
आरक्षी पूनम सिंह व सीबू यादव ने बसखारी के पूर्वी चौराहे पर अभिभावकों से कहा कि बेटियों को जितनी बेहतर शिक्षा मिलेगी उनका भविष्य उतना ही उज्जवल हो सकेगा। इसके लिए हर अभिभावक को बेटियों की शिक्षा को लेकर संजीदा होना होगा। टीम ने युवतियों को जागरुकता संबंधी पर्चे बांटने के ासथ आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी।
जहांगीरगंज की आरक्षी दिव्यांका सिंह व हेड कांस्टेबल राजेश सिंह ने लोगों को साइबर क्राइम के बारे में जानकारी दी। कहा कि इंटरनेट हर व्यक्ति की जरूरत बन गई है। इसके माध्यम से लोग ऑनलाइन खरीदारी, लेनदेन आदि कार्य करते हैं। ऐसे में साइबर अपराधी मौके की तलाश में रहते हैं। इसलिए किसी को ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी व आधार न दें। इसी तरह आलापुर, टांडा, इब्राहिमपुर, बेवाना व अहिरौली थाना क्षेत्रों में जागरुकता अभियान चलाया गया।