अधिकारियों से हुई कड़ी नोकझोंक, पुलिस ने सख्ती कर हटवाया अतिक्रमण
हाईकोर्ट के आदेश पर जहांगीरगंज बाजार में भूमि से कब्जा हटाने पहुंची थी टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। हाईकोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के सामने शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। महिलाएं घर के सामने लेट गईं और तेज आवाज में रोने लगीं। महिलाओं के आगे आ जाने को लेकर पहले से मुस्तैद महिला पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला। हंगामा कर रहीं महिलाओं को नियंत्रित करने के बाद प्रशासन द्वारा ले जाए गए मजदूरों ने अतिक्रमण हटाया। इससे पहले वहां कुछ लोगों से पुलिस व प्रशासनिक टीम की कड़ी नोकझोंक हुई।
जहांगीरगंज बाजार में यूनियन बैंक शाखा के निकट स्थित कीमती भूखंड पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद चला आ रहा है। इसी मामले में हाईकोर्ट ने बीते दिनों मामले का निस्तारण करने का निर्देश दिया। एसडीएम आलापुर ने इसके बाद संबंधित भूमि से अवैध कब्जा हटवाने का निर्देश दिया। बीते मंगलवार को पुलिस व प्रशासनिक टीम पहुंची लेकिन वहां मौजूद राजन व अन्य ने दो दिन का समय मांगा।
संबंधित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद शनिवार को तहसीलदार पदमेश श्रीवास्तव व एसओ जहांगीरगंज प्रदीप सिंह की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। वहां एकत्र महिलाओं व अन्य लोगों ने हंगामा कर दिया। महिलाओं के आगे आने की आशंका पुलिस को पहले से थी। ऐसे में वहां बुलाई गईं महिला पुलिसकर्मियों ने उन सभी को नियंत्रित किया।
अधिकारियों ने वहां अतिक्रमण हटाने का विरोध कर रहे लोगों को सख्ती से समझाया। काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने सख्ती बरती और मजदूरों को साथ लेकर संबंधित घर में घुस गई। वहां अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया इसके बाद शुरू कर दी गई।
आत्मदाह की थी सूचना
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाएं मिट्टी का तेल भी छिड़क सकती हैं। इस तरह का इनपुट पुलिस को मिला था। दरअसल जिस भूमि से अतिक्रमण हटाया गया वहां कुछ लोग वर्षों से घर बनाकर रह रहे थे। संबंधित परिवार से जुड़ीं महिलाओं द्वारा मिट्टी का तेल छिड़ककर हंगामा करने की सूचना को देखते हुए ही पुलिस पहले से अलर्ट थी।