ग्राम पंचायत प्रतापपुर चमुर्खा के मजरे प्रतापपुर, निनामपुर, कसियापुर व ढेलमऊ को होने वाली विद्युत आपूर्ति का तार टूटकर गिर गया था। लगभग एक सप्ताह का समय बीत गया, उसे एक सप्ताह बीत गया, लेकिन अब दुुरुस्त नहीं किया गया। इससे चारों गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप चल रही है।
उपभोक्ताओं ने कई बार शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन किसी ने संज्ञान में नहीं लिया। इसके चलते एक सप्ताह से इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। उपभोक्ता मोहम्मद हफीज, अब्दुल वहाब, जमील अहमद, रामभगत व राकेश आदि ने विभागीय कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
कहा कि विद्युत विभाग की इसी उदासीनता के चलते उपभोक्ताओं को अक्सर मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति बाधित होने से न सिर्फ आम उपभोक्ताओं को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है, बल्कि किसान वर्ग खासा परेशान है। किसानों का कहना है कि आपूर्ति न आने से मोटर नहीं चल पा रहा है।
इससे फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसानों ने जिला प्रशासन से टूटे तार को अविलंब दुरुस्त कराए जाने की मांग की है। उधर अधिशाषी अभियंता मुकेश बाबू ने बताया कि जल्द ही तारों को दुरुस्त कराया जाएगा।