अंबेडकरनगर। जिले के गरीब परिवार की बेटियों के लिए खुशखबरी है। बेटियों को शिक्षा प्राप्त करने में कोई व्यवधान न हो इसके लिए टांडा, भीटी व आलापुर में बनाए जा रहे तीन छात्रावासों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब जुलाई से शुरू होने वाले नए शैक्षिक सत्र के दौरान इन छात्रावासों में गरीब परिवार की बेटियों को आवासीय सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। इसके तहत छात्राओं को रहने के साथ ही भोजन से लेकर अन्य जरूरी सुविधाएं भी मुहैया होंगी। 5.10 करोड़ की लागत से भीटी, टांडा व आलापुर में बनकर तैयार इन छात्रावास की क्षमता 100-100 छात्राओं की है। फिलहाल शुरुआती वर्ष में इसे 50-50 छात्राओं के साथ शुरू किया जा रहा है। छात्रावास आवंटन के लिए जल्द ही एक शिविर का आयोजन कर छात्राओं का पंजीयन किया जाएगा।
गरीब परिवार की बेटियों की शिक्षा में कोई अड़चन न आए इसके लिए सरकार ने छात्रावास की सुविधा मुहैया कराने की व्यवस्था की है। कई बार गरीब परिवार की छात्राएं कक्षा आठ के बाद आर्थिक तंगी या फिर विद्यालय दूर होने की वजह से आगे की शिक्षा नही ग्रहण कर पाती। इसके लिए ही सरकार ने तहसील मुख्यालयों पर छात्रावास निर्माण का फैसला लिया ताकि गरीब परिवार की बेटियों को आवासीय सुविधा का लाभ मिल सके। छात्रावास में रहने वाले छात्राओं को रहने व खाने की नि:शुल्क व्यवस्था मिलेगी । वर्ष 2015 में टांडा, वर्ष 2016 में भीटी एवं आलापुर में स्वीकृति देते हुए प्रत्येक छात्रावास के निर्माण के लिए 1.70 करोड़ करोड़ की धनराशि दी गयी।
भीटी व टांडा के छात्रावास निर्माण का जिम्मा यूपी सिडको तथा आलापुर के छात्रावास निर्माण का जिम्मा पैक्सफेड को सौंपा गया। मौजूदा समय में टांडा का छात्रावास माध्यमिक शिक्षा विभाग को हैंडओवर हो चुका है, जबकि भीटी व आलापुर के छात्रावास के हैंडओवर की प्रक्रिया चल रही है। शासन के निर्देशानुसार कक्षा नौ में प्रवेश लेने वाली 50-50 छात्राओं की क्षमता के साथ इस बार छात्रावास का संचालन एक जुलाई से शुरू किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने जरूरी तैयारी तेज कर दी है।
छात्राओं के पंजीयन को लगेगा शिविर
डीआईओएस कार्यालय के अनुसार छात्रावास का लाभ गरीब परिवार की बेटियों को दिलाने के लिए आठ जून से पंजीयन शिविर लगाया जाएगा। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे के बीच छात्राएं इस शिविर में पहुंचकर अपना पंजीयन करा सकती हैं। नि:शुल्क छात्रावास आवंटन के लिए पारिवारिक आय के आधार पर छात्राओं का चयन किया जाएगा। आठ जून को राजकीय बालिका छात्रावास टांडा के लिए राजकीय विद्युत परिषद इंटर कॉलेज विद्युतनगर में डॉ. तारा वर्मा और राजकीय बालिका छात्रावास भीटी के लिए छात्राओं का पंजीयन शिविर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीटी में प्रधानाचार्या रंजना की देखरेख में होगा। इसके अलावा 13 जून को राजकीय बालिका छात्रावास आलापुर के लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आलापुर में प्रधानाचार्या अनुपमा उपाध्याय की देखरेख में शिविर लगाया जायेगा।
चल रही आवंटन की प्रक्रिया
जिले में बनकर तैयार तीन छात्रावासों का लाभ जुलाई माह से गरीब परिवार की बेटियों को दिया जाएगा। पारिवारिक आय के आधार पर छात्रावास की सुविधा पात्र बालिकाओं को दिया जाएगा। इसके लिए आठ जून से शिविर लगाकर कक्षा नौ में प्रवेश लेने वाली 50-50 छात्राओं का चयन प्रत्येक छात्रावास के लिए किया जाएगा।
प्रवीण कुमार मिश्र, डीआईओएस