पुलिस उपमहानिरीक्षक वीके गर्ग ने शुक्रवार को जिले का एक दिवसीय दौरा कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं में तेजी लाए जाने तथा फरार बदमाशों की गिरफ्तारी प्राथमिकता के आधार पर तय करने का निर्देश दिया। कहा कि रात्रिगश्त व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए, क्योंकि इसमें बरती गई ढील का फायदा ही अक्सर असामाजिकतत्व उठाते रहते हैं।
शुक्रवार अपराहन करीब जिला मुख्यालय पहुंचे श्री गर्ग ने पुलिस लाइन में आयोजित बैठक में निर्देश दिया कि थानों में विवेचनाओं का निस्तारण तेजी से किया जाए। इसकी नियमित मानीटरिंग होनी चाहिए। उन्होंने फरार चल रहे अभियुक्तों व बदमाशों की गिरफ्तारी सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया और कहा कि इसके लिए सभी आवश्यक संसाधनों व तकनीक का इस्तेमाल तय हो। सूचनातंत्र को और ज्यादा प्रभावी बनाए जाने तथा छोटे छोटे विवादों का भी नजदीकी नजर रखने का निर्देश दिया। असामाजिकतत्वों पर सख्ती बरतने का निर्देश देते हुए डीआईजी ने कहा कि ऐसे लोगों पर विशेष नजर रखी जानी चाहिए, जो समाज में किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने का प्रयास करते हों।
उन्होंने रात्रिगश्त व्यवस्था को और प्रभावी बनाए जाने के लिए निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने कानून व्यवस्था के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि आने वाले दिनों में सकारात्मक असर दिखाई देंगे। इस मौके पर एएसपी राहुल राज, सीओ सिटी अतुल श्रीवास्तव समेत सभी सर्किल के सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहे।