वांछित को पकड़ने के लिए दबिश देकर लौट रही अहिरौली पुलिसकर्मियों से भरी जीप शहजादपुर चौकी के निकट अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे एसओ समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घायल बाइक सवारों ने हेल्मेट नहीं पहना था। फरार चल रहे एक वांछित की गिरफ्तारी के लिए अहिरौली थानाध्यक्ष मनोज कुमार पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर में मंगलवार देर शाम दबिश देने गई हुई थी। हालांकि इसमें उसे सफलता नहीं मिली। देर रात टीम वापस अहिरौली लौट रही थी।
बताया जाता है कि जब वे सभी शहजादपुर पुलिस चौकी के निकट पहुंचे तो अचानक सामने आए एक मवेशी को बचाने के चक्कर में जीप बेकाबू हो गई। जब तक चालक वाहन को नियंत्रित करता, जीप सड़क के किनारे स्थित विद्युत खंभे से टकराकर पलट गई। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
जीप में सवार थानाध्यक्ष अहिरौली मनोज कुमार पंत (45), सौरभ यादव (30), सुभाष पांडेय (42) व जमुना तिवारी (40) घायल हो गए। सभी को आननफानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार निवासी राजेश तिवारी (62) पुत्र जगदीश बुधवार सुबह सड़क पार करते समय तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गए।
उन्हें पहले सीएचसी जलालपुर फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहितीपुर बाजार निवासी संजय मिश्र (35) पुत्र देवनरायन मंगलवार देर शाम अकबरपुर से बाइक से घर जाते समय बाजार के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत शहजादपुर बाजार निवासी अशोक (24) पुत्र झिन्ने बुधवार सुबह बाइक से कटेहरी जाते समय पवित्र शिवबाबा के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।