अंबेडकरनगर के रामनगर महुवर में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से किसान की मौत के बाद छानबीन के लिए पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही ने एक किसान की जान ले ली। थाना क्षेत्र आलापुर के रामनगर महुवर गांव में बुधवार सुबह धान की कटाई कर रहा किसान खेत के ऊपर से गुजर रहे ढीले हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से वहां अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
वे पावर कॉर्पोरेशन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिवारीजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग करने लगे। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। थाना क्षेत्र आलापुर के रामनगर महुवर गांव निवासी श्रीराम मौर्य (55) पुत्र रामराज बुधवार दोपहर धान के खेत में काम कर रहा था।
इसी बीच खेत के ऊपर से गुजर रहे ढीले हाईटेंशन तार से उसका हाथ छू गया जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। गुहार पर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने श्रीराम को किसी तरह तार से अलग किया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना आसपास के क्षेत्र में तेजी से फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
नाराज ग्रामीणों ने पावर कॉर्पोरेशन अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि ढीले तार को ठीक कराने के लिए एक-दो बार नहीं बल्कि 11 बार संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका। सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा था।
यदि समय रहते शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तार ठीक करा दिया गया होता तो शायद यह घटना नहीं होती। ग्रामीण दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई व पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग करने लगे। इस बीच सूचना मिलने के लगभग दो घंटे बाद पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।
एसओ रामअवतार ने किसी प्रकार ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। एसओ ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उधर एएसपी राहुलराज ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
यदि तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पावर कॉर्पोरेशन के अधिशाषी अभियंता मुकेश बाबू ने बताया कि मामले की जानकारी है। इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।