अंबेडकरनगर। भाजपा कार्यकर्ता को फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देने व अभद्र व्यवहार का ऑडियो वायरल होने के बाद जहांगीरगंज थाना प्रभारी को हटा दिया गया है। आलापुर के थाना प्रभारी से भी चार्ज ले लिया गया है।
शुक्रवार को जहांगीरगंज के भाजपा कार्यकर्ता विनय पाण्डेय को फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देने का ऑडियो वॉयरल हुआ था। धमकाने वाले जहांगीरगंज थाना प्रभारी बताए जा रहे थे। भाजपा कार्यकर्ता के मुताबिक, उनके परिचय देने के बावजूद अभद्र व्यवहार किया गया। इसे लेकर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताई थी।
जिलाध्यक्ष कपिलदेव वर्मा व पूर्व विधायक त्रिवेणीराम ने एसपी से बातकर थाना प्रभारी को हटाने की मांग की थी। एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने मामले की जांच सीओ आलापुर को सौंपी थी। इस बीच उन्होंने जहांगीरगंज थाना प्रभारी पीएन तिवारी को हटा दिया। उनके स्थान पर संजय पाण्डेय को नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, आलापुर थाना प्रभारी रामअवतार को भी हटाते हुए विवेक वर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।