अंबेडकरनगर। जन आरोग्य मेले में मरीजों की बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। कहीं चिकित्सक न होने से फार्मासिस्ट इलाज कर रहे हैं, तो कहीं फार्मासिस्ट के न होने से चौकीदार दवाएं दे रहे हैं। स्वच्छता को लेकर समय-समय पर विशेष अभियान चलता है, लेकिन स्वास्थ्य केंद्रों पर ही गंदगी पसरी रहती है। रविवार को जिले के 29 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों की पड़ताल की गई तो कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।
पीएचसी बंदीपुर : सुबह 11:41 बजे
दवाएं देते मिले चौकीदार
पीएचसी में आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार मरीज देखते मिले। फार्मासिस्ट की तैनाती न होने से चौकीदार महमूद अली दवा दे रहे थे। चिकित्सक ने कहा कि फार्मासिस्ट नहीं है तो चौकीदार से दवा दिलवा रहे हैं। पीएचसी प्रभारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि वार्ड बॉय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की भी तैनाती नहीं है। इसके लिए पत्र भेजा गया, अब तक 10 मरीजों का इलाज किया जा चुका है।
पीएचसी कम्हरिया : दोपहर 12 बजे
फार्मासिस्ट ने संभाली इलाज की जिम्मेदारी
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई भी चिकित्सक नहीं था। फार्मासिस्ट गुलाब यादव मरीजों का इलाज करते मिले। उन्होंने बताया कि अब तक 15 मरीजों का इलाज किया जा चुका है। बताया कि यहां चिकित्सक की तैनाती ही नहीं है। इसके लिए कई बार पत्र भेजा जा चुका है। मौके पर मिले मरीज देवीप्रसाद ने कहा कि यहां चिकित्सक की तैनाती हो जाए तो मरीजों को इलाज के लिए इधर उधर दौड़ लगाने से राहत मिले।
पीएचसी नेवादा : दोपहर 12:41 बजे
परिसर में चहुंओर फैली गंदगी
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मात्र चार मरीज इलाज के लिए आए। पूरे परिसर में जगह-जगह गंदगी पसरी थी। बड़ी-बड़ी घास उगी थी। पीएचसी प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि सामान्य दिनों में औसतन 40 मरीजों का इलाज होता है। मौसम खराब होने के चलते मरीजों की संख्या कम हुई है। मौके पर मिले मरीज रामकृपाल ने बताया कि शुगर का मरीज हूं। परामर्श के बाद दवाएं मिली हैं।
पीएचसी नरियांव : दोपहर 1:00 बजे
एक बजे तक मात्र 12 मरीजों का इलाज
पीएचसी में सिर्फ चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद थे, मरीज एक भी नहीं मिला। बताया गया कि अब तक 12 मरीजों का इलाज किया जा चुका है। पीएचसी प्रभारी डॉ. केके शर्मा ने बताया कि जो मरीज आए, उनका इलाज किया गया और दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। कहा कि यहां सभी प्रकार की सामान्य जांच की सुविधा उपलब्ध है। पीएचसी में साफ-सफाई बेहतर दिखी।
पीएचसी भीटी : दोपहर 1:30 बजे
अस्पताल में पसरा रहा सन्नाटा
पीएचसी पर सन्नाटा पसरा मिला। सिर्फ चिकित्सक व अन्य कर्मचारी ही वहां मौजूद थे। पीएचसी प्रभारी डॉ. गौतम मिश्र ने बताया कि 35 मरीजों का इलाज किया गया। आवश्यकतानुसार मरीजों की जांच कराकर दवाएं उपलब्ध कराई गईं। बताया कि मौसम खराब होने के चलते सुबह ही मरीज इलाज कराकर चले गए।
बेहतर ढंग से किया जा रहा इलाज
जन आरोग्य मेले में आने वाले मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज किया जा रहा है। जांच के साथ दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रहीं हैं। यदि कहीं कोई कमी होगी, तो उसे दूर कराया जाएगा। - डॉ. संजय वर्मा, नोडल अधिकारी, जन आरोग्य मेला