बसखारी। विकास खंड बसखारी अंतर्गत ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना सभी पात्रों तक नही पहुंच पा रही है। इससे बड़ी संख्या में पात्र आवास योजना का लाभ पाने के लिए अधिकारियों व ग्राम प्रधान का चक्कर काटने को विवश हैं। सूची में नाम होने के बावजूद पात्रों को आवास का लाभ नहीं मिल रहा है। इससे पात्रों में आक्रोश है। पात्रों ने प्रशासन से अविलंब आवास का लाभ दिलाने की मांग की है।
विकास खंड बसखारी में कुल 69 ग्राम पंचायतें हैं। वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री ने ग्राम पंचायतों में आवास विहीन पात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया। ग्राम पंचायत स्तर पर विकास विभाग द्वारा सर्वे के आधार पर पहली सूची तैयार की गई। आरोप है कि जांच पड़ताल के दौरान कई पात्रों का नाम मनमानी के चलते सूची से कट गया। इसके बाद से वह आवास योजना का लाभ पाने के लिए चक्कर काट रहे हैं।
तरौली मुबारकपुर निवासी ज्योति देवी, संगीता देवी, समशुद्दीनपुर निवासी उर्मिला देवी, मनोरमा, सुभागी व अंतिमा का आरोप है कि उन लोगों का नाम सूची में था, परंतु उनका नाम हटा दिया गया। महिलाओं ने प्रशासन से अविलंब आवास का लाभ दिलाने की मांग की है। उधर, बीडीओ राजमंगल चौधरी ने बताया कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में 1136 पात्रों को शासन से आवास आवंटित हुआ है। सभी पात्रों को आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। लगातार सर्वे का काम जारी है।