अंबेडकरनगर। जल निगम कर्मचारियों ने बुधवार को कार्यालय परिसर में गेट मीटिंग कर बकाया वेतन के भुगतान की मांग की। कहा गया कि छह माह से वेतन का भुगतान नहीं हो सका है। इससे उनके समक्ष आर्थिक मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। वे लगातार भुगतान की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन नहीं मिल रही है। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो कार्य बहिष्कार कर धरना देंगे।
गेट मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे वकार हुसैन ने कहा कि छह माह बीत चुके हैं लेकिन अब तक वेतन का भुगतान नहीं हो सका है। इसे लेकर पहले भी धरना-प्रदर्शन किया गया था। उस समय आश्वासन दिया गया था लेकिन अब तक भुगतान को लेकर कोई भी प्रक्रिया नहीं शुरू की गई। इस प्रकार की उपेक्षा कतई उचित नहीं है। छह माह के लंबे समय से वेतन न मिलने से तरह-तरह की आर्थिक मुश्किलें खड़ी हो रही हैं। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारी अपने बच्चों की फीस तक नहीं जमा कर पा रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2016 में जो कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए थे, उन्हें अब तक पेंशन नहीं मिल सकी है। पेंशन के लिए लगातार जिम्मेदारों के कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। और तो और वर्ष 2018 के बाद से अब तक मृतक आश्रितों को नौकरी भी नहीं मिल सकी है। चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि शीघ्र ही उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो कार्य का बहिष्कार कर धरना दिया जाएगा।