अंबेडकरनगर। गर्मी चरम पर पहुंचते ही बिजली कटौती की भी समस्या तेजी से बढ़ी है, जिससे लोग परेशान हैं। अकबरपुर नगर में सोमवार रात से लेकर मंगलवार शाम तक अलग-अलग क्षेत्रों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रहने से हाहाकार मचा रहा।
जिला मुख्यालय के अकबरपुर बिजली घर पर मंगलवार की सुबह सात बजे ट्रिपिंग के साथ बिजली गुल हो हुई। डेढ़ घंटे बाद साढे़ आठ बजे बिजली बहाल हुई। सुबह 11 बजे अकबरपुर बिजली घर के सामने स्थापित 100 केवीए ट्रांसफाॅर्मर में खराबी आने से बिजली गुल हो गई। दो घंटे बाद खराबी ठीक होने पर आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके बाद भी पूरे दिन ट्रिपिंग का दौर जारी रहने से एक लाख की आबादी को दुश्वारियोंं को सामना करना पड़ा।
जिले में 120 फीडरोंं के सापेक्ष आधे फीडर ओवरलोडिंग से कराह रहे हैं। बिजलीकर्मियों की मानें तो ट्रांसफॉर्मर फुंकने न पाए इसके लिए ट्रांसफाॅर्मरों पर पानी डालकर ठंडा करने की नौबत आ गई है। मरैला बिजली घर के अवर अभियंता अंकित राज ने बताया की दोपहर में बिजली घर के पैनल में तकनीकी गड़बड़ी आने से आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे ठीक कर आपूर्ति बहाल करा दी गई है। अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने बताया कि कड़ी गर्मी के चलते बिजली की खपत में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है, इससे ट्रिपिंग व फाॅल्ट की समस्या आ रही है। शिकायत मिलते ही खराबी दूर करा दी जाती है।