अंबेडकरनगर। बसखारी थाना अंतर्गत शुकुलबाजार निवासी एक वृद्ध अलाव की चिंगारी से लगी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। जिला अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामबदन (66) शनिवार देर शाम अलाव के सामने बैठे हुए थे।
इसी बीच चिंगारी निकली और उनके कपड़े पर गिर गई। इससे कपड़ों में आग लग गई। मौके पर पहुंचे पुत्र अवधेश व पड़ोसी जगदीश ने आग बुझाई, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे। घरवालों ने स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।