अंबेडकरनगर। आंशिक कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराने के लिए रविवार को जिला मुख्यालय पर एसडीएम सदर मोईनुल इस्लाम व सीओ अशोक कुमार सिंह ने अकबरपुर कोतवाली पुलिस के साथ रविवार को नगर का भ्रमण किया। इस दौरान अपील करते हुए कहा गया कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सभी जरूरी एहतियात बरतें। अत्यंत जरूरी कार्य पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। भ्रमण के दौरान न सिर्फ दुकानों को बंद रखने की लाउडस्पीकर से अपील की गई, बल्कि नागरिकों को मास्क बांटे गए। उधर, जिले के अन्य क्षेत्रों में भी पुलिस प्रशासन ने सड़क पर उतरकर लोगों को कोरोना के प्रति न सिर्फ जागरूक किया, बल्कि आंशिक कर्फ्यू का सख्ती से पालन भी कराया।
कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रदेश सरकार ने आंशिक कर्फ्यू 31 मई तक बढ़ा दिया है। साथ ही इसका सख्ती से पालन करने का भी दिशा निर्देश जारी किया गया है। रविवार को एसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर एसडीएम सदर मोईनुल इस्लाम व सीओ अशोक कुमार सिंह ने अकबरपुर कोतवाल अमित कुमार सिंह व पुलिस कर्मियों के साथ शहजादपुर चौक, सब्जी मंडी, दाल मंडी, लोहा मंडी, नई सड़क, फव्वारा तिराहा, अकबरपुर अयोध्या मार्ग, बस स्टेशन क्षेत्र, पटेलनगर समेत कई अन्य क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों से आंशिक कर्फ्यू का पालन करने की अपील की।
लाउडस्पीकर के माध्यम से अपील करते हुए कहा गया कि अत्यंत जरूरी कार्य पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर निकलने के दौरान मास्क जरूर लगाएं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूर करें। इस दौरान न सिर्फ दुकानदारों से अपनी अपनी दुकानें बंद रखने की अपील की गई, बल्कि नागरिकों में मास्क का वितरण भी किया गया।
उधर आंशिक कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराने के लिए जिले के अन्य क्षेत्रों में भी पुलिस प्रशासन सड़क पर उतरा। कहा गया कि एहतियात के आधार पर ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। इस बीच एएसपी संजय कुमार राय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने आंशिक कर्फ्यू का उल्लंघन किया, तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।