एनएसएस शिविर में भाग लेने से न सिर्फ मानसिक व शारीरिक, बल्कि बौद्धिक विकास भी तेजी के साथ होता है। साथ ही इससे देश प्रेम व समाज सेवा की भावना में भी वृद्धि होती है। ऐसे में सभी को इस प्रकार के शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। बुधवार को संत द्वारिका प्रसाद महाविद्यालय कोटवा महमदपुर में एनएसएस शिविर का शुभारंभ करते हुए प्रबंधक डॉ. हरीश वर्मा ने यह बात कही। बाद में परिसर में कवि सम्मेलन का भी आयोजन हुआ, जिसमें कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की शुरूआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीपार्चन तथा झंडारोहरण से हुआ। विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान रामबली ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई व समाज सेवा के प्रति प्रेरित करें। इसमें भाग लेने से मानसिक व शारीरिक विकास होता है। बाद में परिसर में कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसमें निरझर आजमगढ़ी, अंजनी द्विवेदी, रामशरण, अमन सुल्तानपुरी आदि ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन तारकेश्वर मिश्र ने किया। इस दौरान मनोज कुमार, सुशील कुमार, अनूप कुमार आदि मौजूद रहे।