उपभोक्ता विवाद परितोष फोरम के एक सदस्य के रवैये से नाराज बार एसोसिएशन ने फोरम के न्यायिक कार्य का बहिष्कार शुरू कर दिया है।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष इंद्रमणि शुक्ल ने बुधवार को उपभोक्ता फोरम अध्यक्ष को सौंपे गए पत्र में कहा कि फोरम के एक सदस्य का रवैया अधिवक्ताओं को लेकर अपमानजनक है। उनके द्वारा अधिवक्ताओं के साथ अक्सर दुर्व्यवहार किया जाता है। पूर्व में कुछ अधिवक्ताओं ने मामले की मौखिक जानकारी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे मौजूदा माहौल में कार्य करना संभव नहीं है।
अधिवक्ता आरके मिश्र व अच्छेलाल ने कहा कि फोरम के दो सदस्यों को राजनैतिक संरक्षण प्राप्त है। ऐसे में वे दोनों अक्सर अधिवक्ताओं से अभद्रता करते हैं। हालांकि बार एसोसिएशन ने अपने पत्र में एक सदस्य का ही जिक्र किया है। पत्र में बताया कि फोरम सदस्य के रवैये से त्रस्त होकर अधिवक्ताओं ने बुधवार से न्यायिक कार्य का बहिष्कार शुरू कर दिया है। पत्र में मांग की गई कि प्रकरण पर आवश्यक निर्णय अविलंब सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान वीरेंद्र दुबे, अश्विनी श्रीवास्तव, शिवप्रकाश आदि मौजूद रहे।