फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: अब घर बैठे बनाएं ओपीडी का परचा, लाइन में लगने से मिली निजात

Sat, 27 Dec 2025 12:22 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
जिला अस्पताल में शुक्रवार को परचा बनवाने के कतार में खड़े लोग।
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल की ओपीडी में चिकित्सक को दिखाने से पहले परचा बनवाने के लिए लगने वाली लंबी कतार से अब लोगों को राहत मिल सकेगी। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की पहल पर जिला अस्पताल में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सिस्टम शुरू किया गया है, जिसके तहत मरीज घर बैठे ही ओपीडी का परचा बना सकेंगे। शुक्रवार को ओपीडी के लिए पांच लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
विज्ञापन

ऑनलाइन परचा बनवाने के बाद मरीज को उसका प्रिंट आउट निकालकर अस्पताल लाना होगा और सीधे चिकित्सक को दिखाया जा सकेगा। इसके लिए ऑनलाइन एक रुपये का भुगतान करना होगा। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना आठ से नौ सौ मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। पहले सभी को परचा बनवाने के लिए कतार में लगना पड़ता था। कई लोग सुबह से ही लाइन में लग जाते थे, ताकि जल्दी नंबर आ सके। भीड़ अधिक होने पर कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती थी। नई व्यवस्था से इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।

तीन तरीकों से कर सकेंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
ऑनलाइन परचा बनाने के लिए मरीज को ors.gov.in वेबसाइट पर जाकर ई-ओपीडी कार्ड के विकल्प का चयन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए मोबाइल नंबर, आधार नंबर या आभा आईडी में से किसी एक का होना आवश्यक है। इन तीनों में से किसी एक विकल्प के माध्यम से परचा आसानी से बनाया जा सकता है।
विज्ञापन

-
एक मोबाइल नंबर से छह लोगों का बन सकेगा परचा

एक मोबाइल नंबर का उपयोग अधिकतम छह लोगों के परचा बनाने में किया जा सकता है। हालांकि, दो बार असफल प्रयास के बाद रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाएगा। एक बार रजिस्ट्रेशन हो जाने पर उसी मोबाइल नंबर का प्रयोग आगे भी करना होगा।
विज्ञापन

-
मिलेगी बड़ी राहत
नई व्यवस्था से मरीजों को अस्पताल आकर परचा बनवाने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी और मरीज सीधे चिकित्सक को दिखा सकेंगे।
डॉ. पी.एन. यादव, सीएमएस
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें