थाना अंतर्गत भीटी गांव के बीरनपुर पुरवे में शनिवार दोपहर एक छप्परनुमा घर में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग एक के बाद एक घर को चपेट में लेने लगी। इस बीच पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद सेआग पर काबू पाया लेकिन तब तक नौ लोगों के घर का पूरा सामान राख हो चुका था जबकि अन्य दो परिवारों को आंशिक क्षति हुई।
आग की घटना में लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी। शनिवार सुबह ही भीटी ग्रामसभा के बीरनपुर पुरवे के ज्यादातर लोग खेतों में काम करने चले गए। दोपहर मेंे अचानक रामपियारे के छप्परनुमा घर से लपटें उठने लगीं। यह देख परिवार के सदस्य शोर मचाते हुए घर के बाहर भागे।
आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीण अपने-अपने तरीके से आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। तेज हवा के चलते आग एक के बाद एक घर को चपेट में लेने लगी। आग की विभीषिका का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इर्दगिर्द के गांवों के भी लोग मौके पर एकत्र हो गए और आग बुझाने में स्थानीय लोगों की मदद करने लगे।
इस बीच सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। लगभग एक घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक नौ लोगों रामपियारे, जंगली पुत्र रामसनेही, रामअशीष पुत्र जंगली, हौसिला पुत्र फिरतू, संतराम पुत्र रामसनेही, रामदौर पुत्र सहारू, पूर्णमासी पुत्र रामलाल, रामधारी पुत्र जंगली के घर का पूरा सामान राख हो चुका था।
इसके अलावा दो अन्य को आंशिक नुकसान हुआ। आग की घटना में लगभग 10 लाख रुपये का सामान राख हो गई। उधर, घटना की जानकारी होने पर जिला पंचायत सदस्य प्रद्युम्न यादव, संतोष सिंह, अरविंद यादव, रामसेवक आदि ने मौके पर पहुंच अग्नि पीड़ितों को मदद का भरोसा दिलाया।
बाद में क्षेत्रीय लेखपाल रामहरख ने मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का आकलन किया। उधर, आग किस प्रकार लगी, इसकी जानकारी नहीं हो सकी।