फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: वंदे भारत की चपेट में आने से सास-बहू की मौत

विज्ञापन
.अहिरौली में अटवाई में पसरा सन्नाटा। संवाद
विज्ञापन
कटेहरी (अंबेडकरनगर)। अकबरपुर-अयोध्या रेलखंड पर अहिरौली क्षेत्र में अटवाई क्रॉसिंग के पास बृहस्पतिवार सुबह वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से सास-बहू की मौत हो गई। दोनों महिलाएं रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं, तभी लखनऊ की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उनकी पहचान कराने का प्रयास किया। दोपहर करीब तीन बजे दोनों की शिनाख्त अयोध्या जिले के गोसाईंगंज क्षेत्र के कटरा निवासी निर्मला (55) और उनकी बहू सोना (25) के रूप में हुई।
विज्ञापन

परिजनों के मुताबिक, निर्मला अपनी बहू सोना के साथ अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली क्षेत्र के अटवाई मुरीदपुर में घोंघा बीनने गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों महिलाएं अटवाई क्रॉसिंग से करीब 500 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पार कर दूसरी ओर जा रही थीं। इसी दौरान अकबरपुर और कटेहरी स्टेशन से होकर लखनऊ की ओर जा रही वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रेन बिना रुके आगे निकल गई।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में दोनों की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद ग्राम प्रधान जय प्रकाश पटेल और स्थानीय कोटेदार को बुलाया गया। पुलिस ने वनराजा समुदाय के लोगों से संपर्क किया। बाद में परिजनों तक सूचना पहुंचाई गई। निर्मला के बेटे झिनका को पुलिस मौके पर लेकर आई, जिसके बाद दोनों की पहचान हो सकी।
विज्ञापन

थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों ने वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से दोनों महिलाओं की मौत होने की जानकारी दी है। सीओ भीटी लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। उधर, कटेहरी स्टेशन मास्टर वीरेंद्र सागर ने बताया कि हादसा स्टेशन से करीब सात किलोमीटर दूर हुआ है। ट्रेन के चालक या गार्ड की ओर से घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई है।
दोनों के पति की हो चुकी थी मौत
परिजनों के मुताबिक, निर्मला के पति राम नरेश की कई साल पहले मौत हो गई थी। वहीं, सोना के पति मंजी की करीब डेढ़ वर्ष पहले विषाक्त पदार्थ खाने से मृत्यु हो गई थी। निर्मला के तीन बेटे थे। इनमें से पंजू और झिनका गोसाईंगंज में रहते हैं। सास-बहू की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
दून एक्सप्रेस की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
मालीपुर। मालीपुर क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव के पास बृहस्पतिवार शाम दून एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मोतीराम (55) की मौत हो गई। हादसा रेलवे ट्रैक पर खंभा संख्या 894/21 और 894/19 के बीच हुआ। थाना प्रभारी तनुज कुमार पाल के मुताबिक, मोतीराम बकरी चराने गए थे। इसी दौरान बकरी के साथ रेलवे ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

.अहिरौली में अटवाई में पसरा सन्नाटा। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें