सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
बीएनकेबी महाविद्यालय अकबरपुर के चार दिनी स्थापना दिवस समारोह का शनिवार को रंगारंग समापन हुआ। विभिन्न प्रतियोगिताओं में मेधावी रहे छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। ओवरऑल चैंपियन छात्र वर्ग में मोनू व छात्रा वर्ग में खुशबू रहीं।
समापन समारोह में प्रबंधक कृष्ण कुमार टंडन ने कहा कि शिक्षा से अलग हटकर ऐसी गतिविधियों में भाग लेने से छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है तो वहीं विद्यालय स्टाफ व बच्चों के बीच आपसी संबंध और प्रगाढ़ होते हैं। प्राचार्य प्रो. डॉ. अजीत सारस्वत ने कहा कि महाविद्यालय लगातार प्रगति की तरफ बढ़ रहा है।
शिक्षा व शिक्षणेतर गतिविधियों में महाविद्यालय की ख्याति दूर-दूर तक फैल रही है। इसके लिए छात्र-छात्राएं व समस्त स्टाफ बधाई का पात्र है। उन्होंने खेलों में सफल हुए छात्र-छात्राओं को बधाई दी और पीछे रह गए प्रतिभागियों से कहा कि उन्हें अगले वर्ष के लिए खुद को तैयार करना चाहिए।
बाद में चार दिन तक चली प्रतियोगिताओं के अलग-अलग वर्ग में विजयी रहे छात्र-छात्राओं को प्रबंधक एवं प्राचार्य ने पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में ओवरऑल चैंपियन मोनू व छात्रा वर्ग में ओवरऑल चैंपियन खुशबू को विशेष पुरस्कार दिया गया।
छात्र-छात्राओं ने इस मौके पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी की। डॉ. सत्यप्रकाश त्रिपाठी के संचालन में आयोजित समापन समारोह में मुख्य नियंता डॉ. रामअचर्य मिश्र, डॉ. श्यामलाल मौर्य, डॉ. रमाशंकर मिश्र, डा.ॅ अपर्णा मिश्र, डॉ. सिद्धार्थ पांडेय, प्रेमचन्द्र यादव एवं विश्वदीपक उपाध्याय आदि मौजूद रहे।