अंबेडकरनगर के मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कालेज में आयोजित जिलास्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में ?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
टांडा। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से रविवार को जनपद स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन टांडा नगर के मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि टांडा विधायक संजू देवी व विशिष्ट अतिथि सीडीओ घनश्याम मीणा ने किया। अध्यक्षता प्रधानाचार्या प्रशिषा श्रीवास्तव एवं संचालन यूथ आइकॉन प्रवीण गुप्त ने किया। बाद में कार्यक्रम के सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि टांडा विधायक संजू देवी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि सीडीओ घनश्याम मीणा ने युवा कल्याण विभाग द्वारा विलुप्त हो रही ग्रामीण लोक कलाओं, लोक संस्कृति को जीवित रखने, ग्रामीण प्रतिभाओं को उभारने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से ऐसे कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने को कहा। कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी युवाओं को बेहतर कॅरियर है। जनपद स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं का दबदबा रहा। अधिकांश विधाओं में कॉलेज की छात्राओं को प्रथम स्थान हासिल हुआ।
लोक गीत बालिका व लोक नृत्य बालिका में मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज को प्रथम स्थान मिला। लोक गीत पुरुष वर्ग में भीटी के महेंद्र कुमार प्रथम रहे। एकांकी में गब्बर गैंग का स्वच्छता विषय पर शास्त्रीय संगीत में मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज प्रथम रहा। लोकगीत में जिले के सभी 9 विकास खंडों से 16 टीमों ने प्रतिभाग किया था, जबकि लोक नृत्य में 5 विकास खंड की 5 टीमों ने हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।