मालीपुर (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप पलट गई, जिससे चालक भी घायल हो गया।
हादसा मालीपुर थाना क्षेत्र के सुरहुरपुर जलालपुर रोड पर रुधौली अदाई गांव के पास हुआ। दोपहर में सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र के कराई गांव निवासी दयाशंकर (50) बहू को मायके छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। जलालपुर सुरहुरपुर रोड पर स्थित रुधौली अदाई गांव के समीप ऑक्सीजन सिलिंडर लादकर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दयाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर मारने के बाद पिकअप भी पलट गई। इससे चालक भी घायल हो गया। पुलिस से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दयाशंकर को मृत घोषित कर दिया। चालक का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुत्र शिवकुमार के तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।