जलालपुर। लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से मालीपुर जलालपुर रामगढ़ सड़क का चौड़ीकरण कार्य शुरू हो गया है। करीब 18 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की चौड़ाई साढ़े 5 मीटर से बढ़ाकर अब 7 मीटर की जाएगी। दोनों तरफ पौने एक-एक मीटर सड़क चौड़ी की जाएगी। इससे लगभग एक लाख लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के लिए तेजी से काम शुरू कर दिया है। सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी है।
जलालपुर तहसील मुख्यालय से एक सड़क मालीपुर व रामगढ़ बाजार को जोड़ती है। लगभग 18 किलोमीटर लंबी यह सड़क अब तक साढ़े पांच मीटर चौड़ी थी। इससे आवागमन सुचारु नहीं हो पाता था। आमने-सामने से बड़े वाहनों के आ जाने से पास लेने में दिक्कत होती थी। इसका सीधा असर सुचारु आवागमन पर पड़ रहा था। आम नागरिकों की मांग को देखते हुए बीते दिनों लोक निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ीकरण करने की योजना तैयार की।
पीडब्ल्यूडी ने शासन को इस सड़क को डेढ़ मीटर चौड़ी करने का प्रस्ताव भेजा। बताया कि इससे सड़क की चौड़ाई 7 मीटर हो जाएगी। इस पर करीब 42 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इससे एक बड़ी आबादी को सुचारु आवागमन का लाभ मिलेगा। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने बीते दिनों टेंडर आदि प्रक्रिया पूरी की। अब सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक सड़क को दोनों तरफ पौने 1-1 मीटर चौड़ा किया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। स्थानीय राजेश कुमार, रामप्रसाद, दिनेश, प्रदीप कुमार आदि ने लोक निर्माण विभाग के इस प्रयास की सराहना की है। कहा कि सड़क चौड़ी हो जाने से रामगढ़ से जलालपुर व जलालपुर से मालीपुर आदि स्थानों के लिए आवागमन करना काफी सुविधाजनक हो जाएगा। सुचारु आवागमन होने से क्षेत्र का विकास भी तेजी से होगा।
तेजी से कराया जा रहा काम
रामगढ़ से मालीपुर तक लगभग 18 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। लगभग 42 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। कार्य जल्द पूरा हो, इसके लिए तेजी से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
- शंकर्षणलाल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग